
उत्तराखंड। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर संघर्ष कर रहीं उर्मिला सनावर ने दावा किया है कि सीबीआई की टीम शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे उनके सहारनपुर स्थित आवास पर पहुंची थी। उर्मिला के मुताबिक, फोन पर जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने दिल्ली में होने की बात कही और रविवार को मिलने का समय दिया।
उर्मिला सनावर ने बताया कि वह अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ दिल्ली में हैं। उनके पास फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को सीबीआई से जुड़ा बताया और उनके घर पहुंचने की जानकारी दी। उर्मिला ने कहा कि जांच प्रक्रिया स्पष्ट और पारदर्शी होनी चाहिए।
मीडिया के सामने साक्ष्य रखने की बात
उर्मिला सनावर ने कहा कि वह सीबीआई से अकेले मिलने के बजाय मीडिया की मौजूदगी में मिलेंगी। उन्होंने दावा किया कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए उनके पास जो भी सबूत और साक्ष्य हैं, उन्हें जांच एजेंसी के सामने रखेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी दबाव में आकर कोई कदम नहीं उठाएंगी।
पूर्व विधायक सुरेश राठौर से भी पूछताछ
इससे पहले शनिवार को सीबीआई ने हरिद्वार के शिवालिक गेस्ट हाउस में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद राठौर ने कहा कि उन्होंने जांच एजेंसी के सवालों के जवाब दिए हैं और वह जांच में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीबीआई ने उनसे करीब 15 सवाल पूछे।
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े प्रकरण में सीबीआई की जांच जारी है। हालांकि, उर्मिला सनावर के आवास पर टीम के पहुंचने और रविवार को मुलाकात तय होने संबंधी जानकारी फिलहाल उनके बयान पर आधारित है।