
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 6 से 11 अक्तूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 8 अक्तूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। वहीं 9 से 11 अक्तूबर के दौरान करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं।
कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चल सकती हैं। चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
वहीं नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम में इस बदलाव का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ तापमान गिरने से प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।