
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में अंब-ऊना मार्ग पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10:45 बजे कटौहड़ खुर्द स्थित कृष्णा नर्सरी के पास हुआ, जहां HRTC बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, HRTC बस ऊना से अंब की ओर जा रही थी, जबकि सामने से आ रही बाइक बस से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंब ले जाया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान स्टोथर गांव निवासी योगेश कुमार और अमन भाटिया के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने बस चालक बचित्तर सिंह के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।