
रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शनिवार सुबह चीरबासा में मलबा और पत्थर गिरने से रास्ता अवरुद्ध हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने गौरीकुंड में ही श्रद्धालुओं को रोक दिया है। मार्ग को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मजदूरों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हुई है। मौके पर पुलिस बल और रेस्क्यू टीम भी तैनात है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, शनिवार सुबह 7:22 बजे सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड से चीरबासा में मार्ग बंद होने की सूचना मिली। इसके बाद संबंधित विभागों को तुरंत अलर्ट कर दिया गया और रास्ता बहाल करने का काम शुरू किया गया।
प्रशासन के मुताबिक, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और मार्ग पूरी तरह सुचारू होने तक आगे न बढ़ें।