
गाजियाबाद: विजयनगर में दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, शालीमार नगर स्थित जल निगम प्लांट के पास आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर फ्रेग्रेंस सोसाइटी के पास बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी।
पुलिस को देखकर बाइक सवार दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उबड़-खाबड़ रास्ते पर उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस टीम के नजदीक आने पर आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी।
एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चमन कॉलोनी निवासी मुस्तकीम (48) और सिद्धार्थ विहार निवासी प्रदीप (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।