
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्रीगोपाल गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक महेश के साले की शिकायत पर पुलिस ने महेश की दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेखर उर्फ चंद्रशेखर, उसकी पत्नी सुनीता और महेश की छोटी बहन सपना के रूप में हुई है। जांच के दौरान महेश के मोबाइल फोन में एक वॉइस नोट मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसमें महेश ने अपनी दो बहनों और बहनोई को परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में परिवार के बीच जमीन और मुआवजे की रकम को लेकर विवाद की बात सामने आई है। महेश के ससुराल पक्ष ने आरोप लगाया है कि करीब छह महीने पहले उसकी मां ने लगभग 10 बीघा जमीन अपनी बेटी और दामाद के नाम कर दी थी। पुलिस इस दावे समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात परिवार रामलीला देखकर घर लौटा था। इसके बाद पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों ने नूडल्स खाए और सो गए। शनिवार सुबह पांचों के शव बिस्तर पर मिले। पोस्टमार्टम में विषाक्त पदार्थ के प्रभाव के संकेत मिलने की बात कही गई है और विसरा जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल रिकॉर्डिंग, पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।