
गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 27 अक्टूबर से दो दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू होने जा रहा है। सत्र के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, मंत्रियों और विधायकों के सोमवार शाम तक पहुंचने की संभावना है। सरकार इस सत्र में करीब 7 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके अलावा कई विधेयक और विभिन्न विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी।
विधानसभा सचिवालय को सत्र के लिए विधायकों की ओर से 430 से अधिक प्रश्न प्राप्त हुए हैं। हालांकि, सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके चलते प्रश्नकाल नहीं होगा। भोजनावकाश के बाद सरकार अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी।
सरकार ने सत्र के दौरान विपक्ष के सवालों का तथ्यों के साथ जवाब देने की तैयारी की है। वहीं, विपक्ष प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।
प्रदेश कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का एलान किया है। कांग्रेस विधायक भी सदन में विभिन्न मुद्दों को उठाकर सरकार से जवाब मांगेंगे। ऐसे में दो दिवसीय सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।
सत्र के मद्देनजर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में तैनात अधिकारी-कर्मचारी गैरसैंण पहुंच चुके हैं। विधानसभा सचिव हेम पंत ने भराड़ीसैंण पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ विधानसभा सचिवालय के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी गैरसैंण पहुंचेंगे। अब सबकी नजर अनुपूरक बजट, सदन में उठने वाले मुद्दों और सरकार-विपक्ष के बीच होने वाली बहस पर रहेगी।