
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्रों पांगी और भरमौर में मौसम ने करवट ले ली है। ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी से पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में ढक गए हैं। जानकारी के अनुसार, चोटियों पर करीब तीन इंच तक बर्फ जमने की सूचना है, जबकि पांगी की सुराल घाटी में भी बर्फबारी शुरू हो गई है।
वहीं, जिले के निचले क्षेत्रों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर बढ़ गया है। सुबह और शाम के समय लोगों को अधिक ठिठुरन महसूस हो रही है।
इसी बीच, पहाड़ी क्षेत्रों में दो स्नो लेपर्ड नजर आने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि, इनके देखे जाने के स्थान की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। बर्फबारी और बढ़ती ठंड के बीच ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की जरूरत है।