
नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन के मंगलवार को किए गए मार्च और प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, नेताओं पर आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करने का आरोप है।
दरअसल, विपक्षी दलों के सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और एसआईआर प्रक्रिया समाप्त करने की मांग को लेकर संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च निकाला था। संसद मार्ग पर पुलिस ने मार्च को रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचकर धरने पर बैठ गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेता करीब आठ घंटे तक आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे रहे। राहुल गांधी ने कहा था कि वह चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात किए बिना वहां से नहीं जाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, दीपेंद्र हुड्डा, पवन खेड़ा समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया। पुलिस ने बाद में आकाशवाणी भवन परिसर को खाली कराया और हिरासत में लिए गए नेताओं को किंग्सवे कैंप ले जाया गया।
बताया गया कि देर रात करीब 10 बजे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं को रिहा कर दिया गया। अब आकाशवाणी भवन में प्रवेश से जुड़े मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर दिल्ली पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।