
नई दिल्ली। दिल्ली के सीलमपुर इलाके में चाकूबाजी की घटना में 20 वर्षीय युवक सुभान की मौत हो गई। वारदात 20 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे सेंट्रल पार्क में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में छह आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें दो किशोर भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, सुभान अपने दोस्त मोहसिन के साथ सेंट्रल पार्क में बैठा था। इसी दौरान अज्ञात युवकों के एक समूह ने किसी बात को लेकर दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद के बीच हमलावरों ने सुभान पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घायल सुभान को उसका दोस्त मोहसिन तुरंत जेपीसी अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीलमपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1)/3(5) के तहत केस दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को पकड़ा गया, जिनमें दो कानून के साथ संघर्षरत किशोर शामिल हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन खान उर्फ अर्शू (21), अफजल खान (18), अब्दुल मोमिन (18) और शोएब मिर्जा (18) के रूप में हुई है। इनके अलावा करीब 17 वर्ष की उम्र के दो किशोर भी पकड़े गए हैं।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।