
सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगा रहे थे नारे, इससे पहले 10 अक्टूबर को भी पुलिस ने लिया था हिरासत में
नई दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों नेता मंगलवार को जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पहुंचे थे। यहां वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगा रहे थे। सीजेपी नेताओं के अनुसार, करीब 20 कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे थे।
आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें सीजेपी कार्यकर्ता ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया।
इससे पहले 10 अक्टूबर को सीजेपी नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लिया था। बाद में तीनों को कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने कुछ शर्तों के साथ 50-50 हजार रुपये के मुचलके पर उन्हें रिहा करने का आदेश दिया था। साथ ही अगले एक वर्ष तक शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे।
सीजेपी नेताओं ने सोमवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी। पार्टी ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए प्रदर्शन की तारीख और समय तय करने की मांग की थी।
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों को लेकर भी बदलाव की बात सामने आई है। रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान का नाम प्रदर्शन स्थलों के रूप में बताया गया है। जंतर-मंतर को लेकर लागू व्यवस्था और संबंधित आदेशों की आधिकारिक पुष्टि के आधार पर ही इसकी स्थिति स्पष्ट होगी।