
देहरादून। दिल्ली-दून हाईवे पर सोमवार देर रात चेकपोस्ट के पास तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी आईआरबी की थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
दिल्ली-दून हाईवे के इस हिस्से में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप भी लगाई गई हैं। इसके बावजूद भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात के समय इस मार्ग पर भारी वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
लगातार सामने आ रहे हादसों के बीच हाईवे पर स्पीड कंट्रोल और सड़क सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठ रहे हैं।