
नई दिल्ली। दिल्ली में अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े के साथ ही गुलाबी सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर की शुरुआत में न्यूनतम तापमान गिरकर 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अक्टूबर में दो बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सितंबर के अंत में न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 और 25 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
वहीं, 2 से 6 नवंबर के बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंड का असर और बढ़ सकता है।