
नई दिल्ली। दशहरे के अवसर पर 20 अक्तूबर को राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। रावण दहन के दौरान प्रमुख रामलीला स्थलों पर भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, आग से बचाव के लिए दिल्ली फायर सर्विस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आईपी एक्सटेंशन स्थित इंद्रप्रस्थ रामलीला कमेटी के आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लालकिला स्थित श्री धार्मिक लीला कमेटी में गृहमंत्री अमित शाह, द्वारका सेक्टर-10 की श्री रामलीला सोसायटी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और लवकुश रामलीला कमेटी के आयोजन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के पहुंचने की सूचना है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अन्य नेताओं और फिल्मी सितारों के भी विभिन्न आयोजनों में शामिल होने की संभावना है। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए संबंधित रामलीला स्थलों और उनके आसपास सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आयोजन स्थलों के प्रवेश और निकास द्वारों, आसपास के क्षेत्रों तथा वीआईपी रूट पर विशेष निगरानी रखेंगी। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि रावण दहन के दौरान लोगों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।
रावण दहन के दौरान आग से जुड़ी किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए दिल्ली फायर सर्विस ने भी तैयारी की है। चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक के अनुसार, सभी रामलीला कमेटियों को पत्र जारी कर अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
आयोजकों को अस्थायी पंडाल और अन्य ढांचे तैयार करते समय संबंधित भारतीय मानकों (आईएस स्पेसिफिकेशन) तथा अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। दशहरे के दौरान सुरक्षा और अग्नि बचाव के इंतजामों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।