
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। मार्च के मद्देनजर दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। पुलिस ने वाहन चालकों को यात्रा की पहले से योजना बनाने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा यातायात का असर
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, तिलक मार्ग और सिकंदरा रोड पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
इसके अलावा रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागोन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना, अशोक रोड और टॉल्सटॉय मार्ग पर भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अशोक रोड पर जीपीओ से सी-हेक्सागोन तक विशेष रूप से यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों को सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने के मार्ग की योजना बना लें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें। जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और सड़क किनारे वाहन खड़े करने से बचने की सलाह दी गई है।
यहां मिलेगी ट्रैफिक की जानकारी
यातायात की ताजा स्थिति और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म @dtptraffic पर अपडेट देख सकते हैं। इसके अलावा ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।