
नई दिल्ली। इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) दिल्ली ने छात्रों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की है। संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों को जल्द ही चिकित्सा बीमा की सुविधा मिल सकती है। इसके तहत प्रत्येक छात्र को एक लाख रुपये तक का मेडिक्लेम कवर और कैशलेस इलाज की सुविधा देने की योजना है। इससे संस्थान के करीब 3,250 छात्रों को लाभ मिलेगा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नए दाखिले होने के बाद छात्रों की संख्या बढ़कर लगभग 3,500 तक पहुंचने का अनुमान है।
चिकित्सा बीमा सुविधा लागू करने के लिए संस्थान ने बीमा कंपनी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए निविदा जारी की गई है। निविदा में प्रति छात्र एक लाख रुपये तक का बीमा कवर और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की शर्त रखी गई है। खास बात यह है कि योजना में पहले से मौजूद बीमारियों को भी शामिल करना अनिवार्य होगा।
प्रस्तावित पॉलिसी में अस्पताल में भर्ती होने, सर्जरी और डे-केयर प्रक्रियाओं को शामिल किया गया है। डे-केयर के तहत ऐसी चिकित्सा प्रक्रियाओं का उपचार किया जाता है, जिनके लिए मरीज को लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहने की जरूरत नहीं होती। बीमा कंपनी को कम से कम 144 डे-केयर प्रक्रियाओं का कवरेज देना होगा।
निविदा की शर्तों के अनुसार, पॉलिसी में उम्र की सीमा नहीं होगी। पहले से मौजूद बीमारियों के साथ शुरुआती 30 दिनों और सूचीबद्ध बीमारियों से जुड़ी प्रतीक्षा अवधि को भी हटाने का प्रावधान रखा गया है।
योजना के तहत छात्रों को केवल बीमा कंपनी के नेटवर्क वाले अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। आपात स्थिति में नेटवर्क से बाहर के अस्पताल में इलाज कराने पर भी पॉलिसी की शर्तों के अनुसार खर्च की प्रतिपूर्ति का प्रावधान होगा। वहीं, नेटवर्क अस्पतालों में कैशलेस इलाज सुनिश्चित करने के लिए कंपनी को देशभर में अस्पतालों का नेटवर्क उपलब्ध कराना होगा।
छात्रों की सुविधा के लिए बीमा कंपनी को प्रत्येक छात्र का सदस्यता कार्ड जारी करना होगा और उपचार संबंधी सहायता के लिए एक समर्पित अधिकारी भी उपलब्ध कराना होगा। बाहरी विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श और पैथोलॉजी जांच पर होने वाला खर्च भी पॉलिसी की निर्धारित शर्तों के तहत कवर किया जाएगा।
बीमा कंपनी का चयन होने और पॉलिसी लागू होने के बाद छात्रों को इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।