
अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट के आसार, नरेला में सबसे अधिक 293 दर्ज हुआ AQI
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार देर रात गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार तड़के राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट और ठंडक का एहसास बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर में हल्के बादल छाए रहने और हवाएं चलने की संभावना है। हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। शनिवार को सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
बारिश और तेज हवाओं के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 191 रहा, जबकि शुक्रवार को यह 230 था। यानी 24 घंटे में AQI में 39 अंकों का सुधार हुआ और हवा मध्यम श्रेणी में पहुंच गई।
हालांकि, राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी खराब श्रेणी में बना हुआ है। 22 निगरानी केंद्रों पर AQI खराब दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, PM2.5 का स्तर 94.41 और PM10 का स्तर 211.89 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।
दिल्ली के निगरानी केंद्रों में नरेला का AQI सबसे अधिक 293 दर्ज किया गया। इसके बाद जहांगीरपुरी में 285, मुंडका में 277, अलीपुर में 264 और विवेक विहार में 261 AQI रहा। इन सभी क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने 24 अक्तूबर को दर्ज 191 AQI को इस तारीख के लिए पिछले दस वर्षों में सबसे बेहतर बताया। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों और जनभागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 24 घंटे में 9,883 वाहनों के चालान किए गए।
मौसम में बदलाव से प्रदूषण में फिलहाल राहत मिली है, लेकिन राजधानी के कई इलाकों में खराब हवा की चुनौती बनी हुई है।