
दिल्ली-NCR: युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से स्कूल्स टोटल टी-20 लीग (TTL) लॉन्च की गई है। इस प्रतियोगिता के पहले सीजन में 90 से अधिक स्कूलों के भाग लेने की उम्मीद है। लीग के मुकाबले 22 अक्टूबर से शुरू होंगे।
इस लीग का आयोजन PNP Sports Management LLP कर रहा है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा को लीग कमिश्नर नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता में स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए अलग-अलग श्रेणियां होंगी। इसमें भागीदारी आमंत्रण के आधार पर होगी।
लीग के पहले सीजन में विजेता स्कूल को पांच लाख रुपये और उपविजेता को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। आयोजकों का उद्देश्य छात्रों को अन्य संस्थानों की टीमों के खिलाफ प्रतिस्पर्धी टी-20 क्रिकेट खेलने का अवसर देना है।
लीग कमिश्नर चेतन शर्मा ने कहा कि देश में प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें पर्याप्त प्रतिस्पर्धी मैच खेलने के अवसर मिलना जरूरी है। वहीं, PNP Sports Management LLP के संस्थापक एवं CEO प्रशांत मेहता और संस्थापक निदेशक पारस मिश्रा ने भी छात्रों के लिए नियमित प्रतियोगिताओं की आवश्यकता पर जोर दिया।
लीग की शुरुआत दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद में होगी। आयोजकों की योजना इसे वार्षिक प्रतियोगिता बनाने की है। भविष्य में इसमें और संस्थानों को जोड़ने के साथ अन्य खेलों को भी शामिल करने की संभावना है।