
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार दो दिन हुई बारिश और आंधी-तूफान के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में पारा गिरने से ठंड का अहसास बढ़ गया। वहीं, मैदानी इलाकों में मौसम सुहाना बना रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नौ अक्तूबर को भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम होकर 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट का असर अधिक महसूस किया गया।
पूर्वानुमान के अनुसार, 14 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और मैदानी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।