
ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के आयोजन को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, प्रतिभागियों को दिलाई नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ
देहरादून। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ शुक्रवार को देहरादून में ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. बीआर आंबेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ व सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश देने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। ऐसे में युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेल, योग और व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अच्छी संगति और सकारात्मक सोच अपनाकर नशे से दूर रहा जा सकता है। युवाओं को इस अभियान में केवल भागीदार बनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आगे आकर नेतृत्व करना चाहिए और अपने साथियों व आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
सीएम धामी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प हर व्यक्ति के आचार, विचार और व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।