
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में दो युवक अपने एक साथी को धक्का देकर गिराते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों युवक उसे सड़क पर छोड़कर चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटे, युवक को हिलाया-डुलाया और फिर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह सेवला खुर्द में राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शुरुआती जांच के दौरान मृतक की पहचान नहीं हो सकी। नियमानुसार 72 घंटे तक पहचान का इंतजार किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें 19 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे तीन लोग एक साथ जाते दिखाई दिए।
फुटेज के अनुसार, इसी दौरान एक युवक ने अपने साथी को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क किनारे गिर गया। इसके बाद धक्का देने वाले युवक ने उसके साथ मारपीट की, जबकि दूसरा युवक पास में खड़ा रहा। दोनों कुछ समय बाद वहां से चले गए और फिर लौटकर युवक को हिलाया-डुलाया। इसके बाद वे दोबारा फरार हो गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में युवक की मौत को धक्का देने और मारपीट की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही मृतक की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं। मामले में मौत की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद होगी।