
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने जनता के अधिकारों, न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए देहरादून से न्याय यात्रा का शुभारंभ किया। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और न्याय की कामना की।
राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में होगा जनसंपर्क
पूजा-अर्चना के बाद कांग्रेस भवन से राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाले जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राजपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान चौक, घंटाघर और पलटन बाजार में लोगों से संपर्क किया जाएगा। इसके बाद यात्रा राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तक पहुंचेगी।
जनता के मुद्दे उठाने का दावा
कांग्रेस के अनुसार, न्याय यात्रा का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, सवालों और अपेक्षाओं को सुनना है। पार्टी इसे अधिकारों, न्याय और सम्मान की लड़ाई को मजबूत करने वाला जनसंपर्क अभियान बता रही है। कांग्रेस ने कहा कि कार्यकर्ता लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएंगे।
प्रदेशभर में निकाली जाएगी न्याय यात्रा
देहरादून से शुरू हुए इस अभियान को प्रदेशव्यापी स्वरूप देने की तैयारी है। आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट और ऋषिकेश समेत उत्तराखंड के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी न्याय यात्रा निकाली जाएगी। पार्टी ने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा और अन्याय के खिलाफ उसका संघर्ष जारी रहेगा।