
नई दिल्ली। नरेला औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार तड़के दो फैक्ट्रियों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की 16 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6:15 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल दमकलकर्मी मौके पर कूलिंग ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
दमकल विभाग के मुताबिक, आग लगने की सूचना सुबह करीब 4:30 बजे मिली थी। शुरुआती जानकारी में औद्योगिक क्षेत्र की दो फैक्ट्रियों में आग लगने की बात सामने आई। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और आसपास के हिस्सों में आग फैलने से रोकने का प्रयास किया।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन कर रही है।
इसी बीच नरेला इलाके के एक गांव में घरेलू गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने की अलग घटना सामने आई है। हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
फिलहाल दोनों घटनाओं की जांच जारी है। फैक्ट्रियों में आग लगने के कारणों और सिलेंडर ब्लास्ट की परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।