
पांवटा साहिब: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में पुराने यमुना पुल पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे हुआ। दुर्घटनाग्रस्त कार में तरसेम नेगी, अमित और सोनू सिवाच सवार थे। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण दो लोग वाहन के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को कार से बाहर निकाला गया और तीनों को उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में कार के डंपर से पीछे से टकराने की बात सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि की है।