
देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा सरकार की नीतियों और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस 22 से 26 अक्टूबर तक गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में न्याय यात्रा निकालेगी। यात्रा का शुभारंभ बुधवार को चमोली जिले के बदरीनाथ धाम और अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके बाद यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए 26 अक्टूबर को गैरसैंण पहुंचेगी, जबकि 27 अक्टूबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि न्याय यात्रा के माध्यम से बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित प्रदेश के प्रमुख मुद्दों को उठाया जाएगा। यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में शामिल होंगे। कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान के जरिए जनता की समस्याओं को सुनने के साथ भाजपा सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मंगलवार को कांग्रेस भवन में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में न्याय यात्रा को लेकर जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासनकाल में प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल कानून व्यवस्था से परेशान है।
उन्होंने कहा कि युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। कांग्रेस के अनुसार, भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। पार्टी ने न्याय यात्रा को प्रदेश की जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई बताते हुए कहा कि इसके जरिए लोगों की समस्याओं को सामने लाया जाएगा।
यात्रा के समापन के बाद 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव कर कांग्रेस प्रदेश के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।