
बिलासपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छह अक्तूबर को प्रस्तावित हिमाचल दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब राष्ट्रपति श्री नयना देवी मंदिर नहीं जाएंगी, बल्कि सीधे हवाई मार्ग से एम्स बिलासपुर पहुंचेंगी।
राष्ट्रपति सुबह 10:35 बजे एम्स परिसर में लैंड करेंगी और इसके करीब 10 मिनट बाद 10:45 बजे एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। करीब 50 मिनट तक चलने वाले कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति 11:35 बजे मनाली के लिए रवाना होंगी।
पहले जारी कार्यक्रम में राष्ट्रपति के श्री नयना देवी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम शामिल था। इसे लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात की तैयारियां भी की जा रही थीं। हालांकि, संशोधित कार्यक्रम के बाद नयनादेवी दौरा रद्द कर दिया गया है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए बिलासपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी। एम्स परिसर और राष्ट्रपति के आवागमन वाले मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन संशोधित कार्यक्रम के अनुसार यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा है।
राष्ट्रपति के एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होने को लेकर संस्थान में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।