
उत्तरकाशी, उत्तराखंड। यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए दो श्रद्धालुओं की शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। एक श्रद्धालु की जानकीचट्टी के पास उपचार के दौरान मौत हुई, जबकि महिला तीर्थयात्री ने बड़कोट अस्पताल में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक निवासी गंगधार बीशेठी (66) यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे थे। यात्रा मार्ग में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए जानकीचट्टी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, महाराष्ट्र निवासी लक्ष्मी बाई (49), पत्नी नामदेव गतीर, दोबाटा में रुकी हुई थीं। अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें उपचार के लिए बड़कोट अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को हुई इन दोनों मौतों के बाद इस ग्रीष्मकालीन यात्रा सीजन में यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
स्थान: उत्तरकाशी, उत्तराखंड