
मनाली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को अपने हिमाचल प्रवास के दौरान अटल टनल रोहतांग का दौरा करेंगी। इसके बाद वह मनाली के ढूंगरी स्थित प्रसिद्ध हिडिंबा मंदिर पहुंचकर माता हिडिंबा के दर्शन करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर कुल्लू जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
राष्ट्रपति के मनाली दौरे के दौरान करीब 600 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। मनाली से अटल टनल और हिडिंबा मंदिर तक जाने वाले मार्गों को सुरक्षा के लिहाज से अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। जगह-जगह पुलिस नाके लगाए जाएंगे और राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान आवश्यकता के अनुसार यातायात को रोका या डायवर्ट किया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अटल टनल का दौरा करने वाली दूसरी राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले जून 2022 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अटल टनल रोहतांग और लाहौल पहुंचे थे।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने अटल टनल की ओर जाने वाले यातायात के लिए विशेष व्यवस्था लागू की है। 6 अक्टूबर रात 8 बजे से 7 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं 7 अक्टूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक सामान्य वाहनों की आवाजाही सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार बंद रहेगी। आपातकालीन और सुरक्षा से जुड़े वाहनों को आवश्यक छूट दी गई है।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित अवधि को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें। जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा सकता है।
अटल टनल से लौटने के बाद राष्ट्रपति हिडिंबा मंदिर जाएंगी। उनके मंदिर दौरे के दौरान रामबाग, घटोत्कच चौक, मनालसु और लॉग हट्स चौक समेत प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा नाके लगाए जाएंगे। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान इन मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात रोका या नियंत्रित किया जा सकता है।
प्रशासन ने पर्यटन कारोबारियों से भी अपील की है कि वे पर्यटकों को ट्रैफिक प्लान की जानकारी दें, ताकि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। राष्ट्रपति का हिमाचल दौरा 6 से 8 अक्टूबर तक निर्धारित है और 8 अक्टूबर की सुबह उनके दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है।