
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बिलासपुर दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राष्ट्रपति एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके स्वागत और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंगलवार को बिलासपुर पहुंचे।
लुहणू हेलीपैड पहुंचने पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से एम्स बिलासपुर पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात कर राष्ट्रपति के दौरे और दीक्षांत समारोह की तैयारियों पर चर्चा की।
एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में 92 प्रशिक्षुओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 43 एमबीबीएस विद्यार्थी, 14 एमडी-एमएस चिकित्सक, 26 नर्सिंग विद्यार्थी और 9 पैरामेडिकल विद्यार्थी शामिल हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 प्रशिक्षुओं को स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम के अनुसार द्रौपदी मुर्मू सुबह 10:35 बजे एम्स बिलासपुर पहुंचेंगी, जबकि करीब 10:45 बजे दीक्षांत समारोह शुरू होगा। समारोह के बाद राष्ट्रपति सुबह 11:55 बजे एम्स हेलीपैड से मनाली के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए एम्स परिसर और उनके आवाजाही वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। करीब 250 पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। घागस और जबली में भी यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जरूरत के अनुसार राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा।
राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के भी एम्स पहुंचने का कार्यक्रम है।