
चकराता, देहरादून। गांधी जयंती की छुट्टी और वीकेंड के चलते शुक्रवार को चकराता पर्यटकों से गुलजार रहा। गुरुवार रात से ही देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक चकराता पहुंचने लगे। इसके चलते क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।
पर्यटकों की बढ़ती आमद का असर होटल कारोबार पर भी देखने को मिला। चकराता के होटल, होमस्टे, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउसों में अच्छी बुकिंग रही। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, रविवार तक अधिकांश ठहरने की जगहों पर बुकिंग बनी हुई है।
शुक्रवार को चकराता के प्रमुख पर्यटन स्थलों टाइगर फाल, देववन, कोटी कनासर, मोहिला टॉप बुग्याल, चिलमिरी टॉप, किमोना फाल और मुंडाली में पर्यटकों की आवाजाही रही।
ठंडे मौसम, हरियाली, प्राकृतिक सुंदरता और पहाड़ी वातावरण का पर्यटकों ने जमकर आनंद लिया। कई परिवार और युवा समूह पर्यटन स्थलों पर घूमते और तस्वीरें लेते नजर आए।
कुछ वर्ष पहले तक चकराता का पर्यटन कारोबार मुख्य रूप से पर्यटन सीजन पर निर्भर रहता था, लेकिन अब सप्ताहांत और लंबी छुट्टियों के दौरान भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। इससे क्षेत्र में वर्षभर पर्यटन गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिगंबर चौहान समेत अन्य पर्यटन कारोबारियों ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश होटल, होमस्टे, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउस बुक हैं। पर्यटकों की अच्छी आमद से कारोबारियों में उत्साह है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या का लाभ केवल होटल कारोबार तक सीमित नहीं है। स्थानीय दुकानदारों, टैक्सी संचालकों, रेस्टोरेंट संचालकों और स्थानीय उत्पादों से जुड़े कारोबारियों को भी इसका सीधा फायदा मिल रहा है।
पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि यदि चकराता में पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं के साथ पर्यटक गतिविधियों को और विकसित किया जाए, तो इसे वर्षभर के प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में और मजबूत किया जा सकता है।