
शारदीय नवरात्र और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए शिमला आने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। धर्मपुर से शिमला के बीच दो अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की तैयारी की जा रही है। रेलवे बोर्ड स्तर पर इसकी प्रक्रिया जारी है और नई समयसारिणी को मंजूरी के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रेल मंडल अंबाला यशनजीत सिंह के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पहले चरण में एक अतिरिक्त ट्रेन चलाने की योजना है। यात्रियों की मांग और संख्या को देखते हुए बाद में दूसरी ट्रेन भी शुरू की जा सकती है।
टकसाल के पास बारिश के दौरान रेलवे पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद कालका-शिमला रेल सेवा प्रभावित हुई है। फिलहाल धर्मपुर से शिमला के बीच सीमित रेल सेवा संचालित हो रही है। एक ही ट्रेन उपलब्ध होने के कारण त्योहारी सीजन में यात्रियों पर दबाव बढ़ने की संभावना है।
कालका या अन्य स्थानों से आने वाले यात्रियों को फिलहाल सड़क मार्ग से धर्मपुर पहुंचने के बाद शिमला के लिए ट्रेन का सहारा लेना पड़ रहा है। अतिरिक्त ट्रेन चलने से यात्रियों को धर्मपुर से शिमला तक सफर के लिए अधिक विकल्प मिल सकेंगे।
शारदीय नवरात्र के दौरान पश्चिम बंगाल समेत देश के अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिमला पहुंचते हैं। कालीबाड़ी मंदिर में नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं। ऐसे में अतिरिक्त रेल सेवा से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
धर्मपुर रेलवे स्टेशन पर सर्विस ट्रैक बिछाने का काम भी जारी है। इसका इस्तेमाल अतिरिक्त बोगियों और ट्रेनों को खड़ा करने के लिए किया जा सकेगा। रेलवे की तैयारियों के बीच त्योहारी सीजन में अतिरिक्त रेल सेवा शुरू करने की दिशा में गतिविधियां तेज हो गई हैं।