
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शोघी के पास बस से 36 ग्राम चिट्टा बरामद होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी रामपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और CCTV फुटेज के विश्लेषण के आधार पर उनकी पहचान की।
बस के रैक में रखे बैग से मिला था चिट्टा
पुलिस के अनुसार, 13 अक्तूबर को शोघी पुलिस चौकी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली गई थी। इस दौरान बस के ऊपर बने रैक में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग से करीब 36 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मौके पर बैग का मालिक नहीं मिलने के कारण पुलिस थाना पश्चिम में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
डिजिटल साक्ष्यों से हुई आरोपियों की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज का विश्लेषण किया। इसके आधार पर रामपुर निवासी अविनाश कपूर (31), विशाल ठाकुर (26) और खुशवंत सिंह (31) की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने अविनाश कपूर को 16 अक्तूबर को गिरफ्तार किया, जबकि विशाल ठाकुर और खुशवंत सिंह को 19 अक्तूबर को रामपुर से गिरफ्तार किया गया।
चिट्टा सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आरोपियों की भूमिका और नशे की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।