
शिमला। त्योहारी सीजन के बीच राजधानी शिमला में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की टीम को मिडल बाजार स्थित एक होटल और मिठाई की दुकान में रसगुल्लों व गुलाबजामुन में मरे हुए कॉकरोच मिले। वहीं, राम बाजार में शौचालय के पास खुले में मिठाइयां बेचने का मामला भी सामने आया। विभाग ने दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवाया और चार दुकानदारों को नोटिस जारी किए।
शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सहायक आयुक्त डॉ. विजया की अगुवाई में टीम ने मिडल बाजार और राम बाजार के होटलों व मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मिठाइयों में कॉकरोच मिलने के अलावा रसोई में गंदगी, गंदे चाय के डिब्बे और अलमारियों में कॉकरोच घूमते हुए पाए गए।
सफाई व्यवस्था में मिली खामियां
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने एप्रिन और सिर पर टोपी नहीं पहनी थी। पानी के जग भी गंदे पाए गए। विभागीय टीम ने संचालक को फटकार लगाते हुए स्वच्छता मानकों का पालन करने और कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस परीक्षण करवाने के निर्देश दिए।
कागज पर परोसे जा रहे थे छोले-भटूरे
मिडल बाजार में परांठे और छोले-भटूरे की दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने पाया कि कड़ाही में तले भटूरे कागज पर रखकर ग्राहकों को परोसे जा रहे थे। विभाग ने इस पर आपत्ति जताई और दुकानदारों को खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने वाली सामग्री तथा साफ-सफाई के मानकों का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
त्योहारी सीजन में विशेष निरीक्षण अभियान
सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने बताया कि त्योहारी सीजन में लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ और मिठाइयां उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थ तैयार करने और परोसने के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।