
रामपुर बुशहर। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या HP 06 A 5159 सनेई से रामपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान राय के पास एक मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसा रामपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर हुआ। बस में चालक और परिचालक समेत 20 से अधिक लोग सवार बताए जा रहे हैं।
डंसा पंचायत की प्रधान पदमा कुमारी के अनुसार, हादसे में घायल वंश पुत्र सुरंजन, निवासी गांव कराली, तहसील रामपुर, को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने हादसे पर दुख जताया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की और निजी वाहनों के माध्यम से रामपुर स्थित खनेरी अस्पताल पहुंचाया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब तक 17 घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। इनमें दो यात्रियों के सिर पर गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है। घायलों का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि सड़क से नीचे गिरने के बाद बस एक गोशाला के पीछे जाकर रुक गई। इससे बस के और नीचे जाने का खतरा टल गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बस किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही सामने आएगी। मृतक और घायलों से संबंधित विस्तृत जानकारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।