
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं और उनके परिजनों से लाखों रुपये ठगने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला जिले में एक बैंक में चपरासी के पद पर कार्यरत है। उस पर करीब 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ वर्ष 2025 में सदर थाना हमीरपुर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। मामले में शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। आरोपी के खिलाफ रामपुर, हमीरपुर और झंडूता की अदालतों से गैर जमानती वारंट भी जारी हुए थे। इसके आधार पर पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर जांच में शामिल किया।
आरोप है कि महिला बेरोजगार युवाओं और उनके परिजनों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लेती थी। बताया जा रहा है कि उसने हमीरपुर के अलावा पालमपुर और रामपुर क्षेत्र में भी लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
जब पीड़ितों को नौकरी नहीं मिली और उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो कथित तौर पर उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ा। आरोप यह भी है कि पैसे लौटाने के दबाव में महिला ने कुछ पीड़ितों को बैंक के चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गए।
मामले में एक युवक ने सबसे पहले महिला के खिलाफ ठगी के आरोप लगाए थे। इसके अलावा अन्य लोगों की शिकायतें भी पुलिस को मिली हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने महिला की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसके खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।