
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में नेशनल हाईवे-09 पर सरूरपुर के पास शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां कैंटर, बस, ऑटो और महिंद्रा पिकअप की जोरदार टक्कर में ऑटो सवार आठ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल वैठ निवासी याकूब की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह सरूरपुर के पास हाईवे पर चार वाहनों की टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान वैठ निवासी याकूब ने दम तोड़ दिया। वहीं, चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। सीओ राहुल यादव के अनुसार, हादसे में एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हुई है। अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।