
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने वीरवार को प्रदेश के 10 जिलों में अंधड़ चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील बना रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं, जबकि 18 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।
बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। तेज धूप के कारण मैदानी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊना में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, सुंदरनगर में 30.7 डिग्री और बिलासपुर में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कांगड़ा में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री, जबकि नाहन और मंडी में 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना हुआ है। शिमला में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस और मनाली में 19.8 डिग्री दर्ज किया गया। धर्मशाला में 27 डिग्री, सोलन में 26.8 डिग्री, चंबा में 26.7 डिग्री और पालमपुर में 25.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। खासकर अंधड़ और बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।