
फर्जी ऑफर के जरिए रजिस्ट्रेशन फीस और बुकिंग चार्ज के नाम पर ठग सकते हैं साइबर अपराधी, निजी जानकारी साझा न करने की अपील
देहरादून। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर किराये पर गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड उपलब्ध कराने के नाम पर दिए जा रहे ऑफर साइबर ठगी का जरिया बन सकते हैं। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने लोगों को ऐसे लुभावने दावों से सतर्क रहने की सलाह दी है। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, साइबर अपराधी ऐसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन और बुकिंग के नाम पर मांग सकते हैं पैसे
एसटीएफ के मुताबिक, ‘रेंट ए बॉयफ्रेंड’ या ‘रेंट ए गर्लफ्रेंड’ जैसी सेवाओं का दावा करने वाले संदिग्ध प्लेटफॉर्म लोगों से रजिस्ट्रेशन फीस, बुकिंग चार्ज या अन्य भुगतान के नाम पर रकम मांग सकते हैं। इसके अलावा निजी जानकारियां हासिल कर ठगी और ब्लैकमेलिंग की कोशिश भी की जा सकती है। ऐसे में केवल आकर्षक विज्ञापन देखकर किसी ऑनलाइन सेवा पर भरोसा करना नुकसानदायक हो सकता है।
OTP और बैंकिंग जानकारी साझा न करें
एसटीएफ ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनजान ऐप और वेबसाइट पर अपनी निजी जानकारी, बैंक खाते से जुड़ी डिटेल या ओटीपी साझा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर करने से भी बचें। किसी भी ऑनलाइन ऑफर की सत्यता जांचने के बाद ही आगे बढ़ें।
ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल
एसटीएफ ने कहा है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
नवरात्र में ‘साइबर जागरूकता 2.0’ अभियान
उत्तराखंड एसटीएफ नवरात्र के दौरान ‘साइबर जागरूकता 2.0’ अभियान भी चला रही है। इसके तहत मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के संदेशों के जरिए डिजिटल सुरक्षा के उपाय बताए जा रहे हैं। अभियान के पहले दिन मजबूत पासवर्ड रखने और दूसरे दिन अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन लालच में आने के बजाय सतर्कता बरतें और अपनी डिजिटल सुरक्षा को प्राथमिकता दें।