
देहरादून। उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। चटक धूप खिलने से पर्वतीय इलाकों में ठंड से राहत मिलेगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, रविवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और लोगों को ठंड से राहत मिली।
देहरादून में 30.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
शनिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
23 अक्तूबर से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 22 अक्तूबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 23 अक्तूबर से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।