
पुराने ओवन से बनाया फोर-इन-वन मल्टी यूटिलिटी मशीन का मॉडल, महज 3 हजार रुपये में तैयार किया प्रोजेक्ट
ऊना। हिमाचल प्रदेश की बेटी एकमजीत कौर ने छोटी उम्र में बड़ा नवाचार कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। ऊना के रॉकफोर्ड डे बोर्डिंग स्कूल में 12वीं कक्षा की नॉन मेडिकल की छात्रा एकमजीत ने पुराने और खराब ओवन का इस्तेमाल कर फोर-इन-वन मल्टी यूटिलिटी मशीन तैयार की है। नेशनल इंस्पायर मानक अवॉर्ड प्रतियोगिता में उन्होंने देशभर के 592 प्रतिभागियों के बीच 23वां स्थान हासिल किया और शीर्ष 60 विद्यार्थियों में अपनी जगह बनाई।
एकमजीत के इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसे तैयार करने में महज 2,500 से 3,000 रुपये का खर्च आया। उनकी इस उपलब्धि के बाद अब उन्हें जापान भ्रमण और फेस्टिवल ऑफ इंडिया के कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
एकमजीत के मुताबिक, उन्हें इस मशीन को बनाने का विचार अपनी नानी के घर में रोजमर्रा की जरूरतों और परेशानियों को देखकर आया। अनाज और मसालों को संभालने, छोटे बच्चों के कपड़े सुखाने और ठंड से बचाव जैसी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एक ऐसी मशीन बनाने की योजना बनाई, जो एक साथ कई काम कर सके।
एकमजीत की ओर से तैयार किए गए प्रोजेक्ट में गर्म करने, ब्लोअर चलाने, कपड़े सुखाने और एसी जैसी ठंडक देने वाली सुविधा शामिल की गई है। पुराने ओवन को नया उपयोग देकर तैयार किया गया यह मॉडल कम लागत में संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और रचनात्मक सोच का उदाहरण है।
राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने से पहले एकमजीत हमीरपुर में जिला स्तरीय और सोलन में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपने प्रोजेक्ट के दम पर पहचान बना चुकी हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के कुल 10 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें कांगड़ा के दो, ऊना के दो, सोलन के तीन, शिमला का एक और हमीरपुर के दो विद्यार्थी शामिल थे।
एकमजीत ने अपने प्रोजेक्ट को पेटेंट करवाने के उद्देश्य से नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (NIF) को आवेदन भी भेजा है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली सफलता उनके लिए आगे बढ़ने का नया अवसर है। एकमजीत की उपलब्धि यह संदेश देती है कि नई सोच, मेहनत और रोजमर्रा की समस्याओं को समझने की क्षमता से कम उम्र में भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।