
ऊना, हिमाचल प्रदेश। जिला ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तीन पहिया मॉडिफाइड बाइक रेहड़ी पलटने से पंजाब के कपूरथला निवासी एक बुजुर्ग महिला और तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के कपूरथला से करीब आठ लोग तीन पहिया मॉडिफाइड बाइक रेहड़ी पर सवार होकर पीरनिगाह धार्मिक स्थल पहुंचे थे। माथा टेकने के बाद जब सभी वापस लौट रहे थे, तो रास्ते में एक तीखे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान वाहन में सवार लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसा इतना गंभीर था कि बुजुर्ग महिला और तीन साल के बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना में घायल पांच अन्य लोगों को तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ के अनुसार, मामले की जांच के लिए सदर पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई है। घायलों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।