
तीन दिन की छुट्टियों के चलते कुल्लू-मनाली में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। पहाड़ों की खूबसूरत वादियां, ठंडी हवाएं और ब्यास नदी की लहरें सैलानियों को खूब आकर्षित कर रही हैं। बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के साथ पैराग्लाइडिंग और रिवर राफ्टिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों में भी हिस्सा ले रहे हैं।
कुल्लू घाटी में पैराग्लाइडिंग के दौरान पर्यटक आसमान से पहाड़ों, हरियाली और ब्यास नदी का खूबसूरत नजारा देख रहे हैं। वहीं, ब्यास नदी में रिवर राफ्टिंग के दौरान तेज बहाव और लहरों के बीच रोमांच का अनुभव कर रहे हैं। इसके अलावा घुड़सवारी समेत अन्य साहसिक गतिविधियों में भी पर्यटकों की दिलचस्पी देखने को मिल रही है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर पर्यटन कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों, स्थानीय दुकानदारों के साथ-साथ पैराग्लाइडिंग और राफ्टिंग संचालकों को भी इसका फायदा मिल रहा है। पर्यटन कारोबारियों के मुताबिक छुट्टियों के कारण एडवेंचर गतिविधियों में तेजी आई है और कारोबार में सुधार देखने को मिल रहा है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने बताया कि वीकेंड और तीन दिन की छुट्टियों के चलते कुल्लू-मनाली में अच्छी पर्यटक रौनक रही। बड़ी संख्या में पर्यटकों ने पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग समेत विभिन्न साहसिक गतिविधियों का आनंद लिया। आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रहने से पर्यटन कारोबार को और गति मिलने की उम्मीद है।