
मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर गढ़खल पुलिस की कार्रवाई, बैजनाथ निवासी आरोपी निजी होटल में करता था शेफ का काम
कसौली। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली स्थित संवेदनशील छावनी क्षेत्र में खुद को सेना का अधिकारी बताकर रौब झाड़ने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सेना की आधिकारिक वर्दी और प्रतीक चिह्नों का दुरुपयोग करने का आरोप है। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले खुफिया इनपुट के आधार पर गढ़खल पुलिस चौकी की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, मिलिट्री इंटेलिजेंस की कसौली इकाई को सूचना मिली थी कि कोट गांव और आसपास के क्षेत्रों में एक युवक सेना की वर्दी पहनकर खुद को सेवारत सैन्य अधिकारी बता रहा है। मामला संवेदनशील छावनी क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण सूचना स्थानीय पुलिस के साथ साझा की गई। इसके बाद गढ़खल पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई ललित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संदिग्ध एक निजी होटल में शेफ का काम करता है और सुनारडी गांव में किराये के मकान में रहता है। पुलिस टीम ने सुनारडी क्षेत्र से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अर्पण कटोच निवासी गांव टिकरी, बैजनाथ के रूप में हुई।
जेब से मिला सेना का लिकर कार्ड
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से सेना का लिकर कार्ड बरामद हुआ। कार्ड पर सैन्य वर्दी में उसकी तस्वीर और नाम अंकित था। पुलिस ने जब कार्ड की प्रामाणिकता और उसे हासिल करने से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
मामले में कसौली थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 168 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने सेना का लिकर कार्ड और वर्दी कहां से हासिल की थी। साथ ही, संवेदनशील छावनी क्षेत्र में उसकी गतिविधियों के पीछे की वास्तविक मंशा की भी जांच की जा रही है।
कई पहलुओं से जांच जारी
डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने सैन्य पहचान का इस्तेमाल किसी अन्य उद्देश्य से तो नहीं किया था।