
गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश। दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के आह्वान के बाद गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले प्रमुख बॉर्डरों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शनिवार सुबह से ही पुलिस बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच कर रही है। कौशांबी से लेकर लोनी, खोड़ा, तुलसी निकेतन, अप्सरा और सीमापुरी बॉर्डर तक पुलिस अलर्ट पर है।
प्रदर्शन को देखते हुए कौशांबी यूपी बॉर्डर, अप्सरा बॉर्डर, तुलसी निकेतन, लोनी, खोड़ा क्षेत्र के मयूर विहार और गाजीपुर तथा शालीमार गार्डन के सीमापुरी बॉर्डर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को रोककर पूछताछ और जांच की जा रही है।
CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन की घोषणा की थी। इसी के मद्देनजर दिल्ली से सटे गाजियाबाद के सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।
पुलिस के मुताबिक, बॉर्डर पर बैरिकेडिंग के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। दिल्ली में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने के बीच सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं।
पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी व चेकिंग की जा रही है।
स्रोत: डीसीपी ट्रांस हिंडन, ऋजुल के हवाले से उपलब्ध जानकारी।