
नई दिल्ली। जितिया पर्व के मौके पर यमुना में स्नान करने पहुंची दो युवतियों की शुक्रवार सुबह डूबने से मौत हो गई। हादसा वजीराबाद यमुना पुल के पास स्थित सूर घाट पर हुआ। दोनों युवतियां अपने परिवार के साथ जितिया पर्व मनाने के लिए घाट पर पहुंची थीं।
जानकारी के मुताबिक, स्नान के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी की तरफ चली गईं और डूबने लगीं। शोर सुनकर मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तुरंत तलाश शुरू की। कुछ देर बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान जखीरा निवासी काजल कुमारी (18) और पिंकी कुमारी (18) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद तिमारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त नीहारिका भट्ट के अनुसार, दोनों युवतियां जितिया पर्व के अवसर पर परिवार के साथ सूर घाट पर स्नान करने पहुंची थीं। स्नान के दौरान दोनों गहरे पानी की ओर चली गईं। उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण डूब गईं।
हादसे के बाद मृतक युवतियों के परिजनों ने घाट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि गहरे पानी वाले हिस्से में पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। साथ ही घाट पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी भी पर्याप्त नहीं थी।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।