
उत्तरकाशी, उत्तराखंड। यमुनोत्री धाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव जानकीचट्टी में शुक्रवार सुबह यात्रियों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर कुली एजेंसी से जुड़े मजदूरों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। यात्रियों को बुलाने के प्रयास के दौरान मजदूरों में खींचतान और धक्का-मुक्की होने लगी, जिससे मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में कुछ देर के लिए दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि सुबह के समय जानकीचट्टी में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान कुली एजेंसी से जुड़े मजदूर यात्रियों को अपनी-अपनी ओर बुलाने का प्रयास कर रहे थे। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी के बाद हुड़दंग और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
अचानक हुए हंगामे से वहां मौजूद श्रद्धालु भी परेशान नजर आए। यात्रा सीजन के दौरान जानकीचट्टी में बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं और यहीं से आगे यमुनोत्री धाम के लिए पैदल मार्ग शुरू होता है। ऐसे में यात्रा के प्रमुख पड़ाव पर इस तरह की स्थिति सामने आने से यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर श्रद्धालुओं ने यात्रा पड़ावों पर बेहतर व्यवस्था और निगरानी की जरूरत बताई है। यात्रियों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे उन्हें किसी तरह की परेशानी या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।
मामले को लेकर एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने कहा कि इस संबंध में पुलिस और जिला पंचायत को निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने यात्रा व्यवस्था को बनाए रखने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
यमुनोत्री यात्रा सीजन के दौरान जानकीचट्टी जैसे प्रमुख पड़ावों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। ऐसे में मजदूरों के बीच विवाद जैसी घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण करना जरूरी माना जा रहा है।