
सिंहधार वार्ड की गोशाला में घुसा भालू, एक व्यक्ति की हालत गंभीर; हायर सेंटर रेफर
ज्योतिर्मठ। उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ नगर में भालू के हमले से लोगों में दहशत फैल गई। मंगलवार सुबह सिंहधार वार्ड में एक गोशाला में घुसे भालू ने गाय को मार डाला। गाय को बचाने पहुंचे परिवार के लोगों पर भी भालू ने हमला कर दिया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह सिंहधार वार्ड स्थित गोशाला में भालू ने गाय पर हमला कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्य गाय को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में घायल चारों लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
ज्योतिर्मठ के रिहायशी इलाके में भालू के घुसने और लोगों पर हमला करने की घटना से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। गोशाला में गाय की मौत और चार लोगों के घायल होने से क्षेत्रवासी चिंतित हैं।