
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर मंगलवार सुबह पटाखों से भरे एक ट्रक में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ज्योलीकोट के पास चलते ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिसके बाद उसमें रखे पटाखे फूटने लगे। सड़क पर लगातार हो रहे धमाकों के बीच चालक ने ट्रक से उतरकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, पटाखों से भरा ट्रक हल्द्वानी से ज्योलीकोट की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। आग फैलते ही पटाखे फूटने लगे और धमाकों की आवाज से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पटाखों के लगातार फूटने के कारण आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे सड़क के दोनों ओर यातायात प्रभावित हुआ।
हादसे में चालक के सुरक्षित बचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, ट्रक में आग किस वजह से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती गई।