
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 31 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 9 लाख 30 हजार रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 अक्तूबर 2026 को ऑपरेशन प्रहार के तहत बीपुरम चौकी क्षेत्र में खाड़खाला के पास चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को पकड़ा और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 31 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान गौतम (26), पुत्र कलीराम, निवासी गली नंबर-5, शांति नगर, भरत मंदिर स्कूल के पास, ऋषिकेश, जिला देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कोतवाली नई टिहरी में मुकदमा संख्या 40/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखे हुए है।