
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को बंद रखने का फैसला लिया गया है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए यह जानकारी दी है। वहीं, प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में तिरंगा लेकर पहुंचने की अपील की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में दावा किया कि पार्टी से जुड़े आशुतोष रांका और सौरव दास को तिरंगा लहराने के मामले में जेल भेजा गया है। उन्होंने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होकर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की।
दिल्ली पुलिस की पीआरओ डीसीपी नेहा यादव के अनुसार, मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं। पुलिस का कहना है कि इनका उद्देश्य शांति बनाए रखना और लोगों के साथ सरकारी व निजी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने भी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। ऐसे में पुलिस ने इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, बैरिकेडिंग और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा है कि कनॉट प्लेस निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं है।
प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि वे कनॉट प्लेस जाने से पहले यातायात और सुरक्षा संबंधी निर्देशों की जानकारी लें तथा पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें।